कूड़े के ढेर में आग लगाने के कारण सेब के 2500 पौधे राख, महिला पर FIR दर्ज

Anil Kashyap
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला। अप्पर शिमला के चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र में आग की चपेट में आने से चार बागवानों के सेब के बगीचे जल गए। आग से सेब बगीचों को नुकसान पहुंचा है। वहीं बागवानों की सेब बगीचों को तैयार करने में लगी पूरी मेहनत बेकार चली गई। बागवानों ने स्थानीय महिला पर बगीचों को आग के हवाले करने का आरोप लगाया है। बागवानों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नेरवा के शवाला में प्रताप, गणेश, मंगत और सुरेश के सेब बगीचे हैं। प्रताप ने पुलिस में शिकायत दी है कि शवाला गांव की माया देवी ने रविवार बाद दोपहर कूड़े में आग लगाई थी, जो चारों तरफ फैल गई। इस दौरान आग ने उनके सेब बगीचों को चपेट में ले लिया। शिकायत के मुताबिक आग से करीब 2500 सेब के पौधे जलकर राख हो गए।

पीड़ितों का कहना है कि बगीचे में लगे दो से सात वर्ष की आयु वाले सेब के पेड़-पौधे आग की भेंट चढ़ने से उनकी पूरी मेहनत बेकार चली गई। इससे बागवानों को लाखों का नुकसान हुआ है। सेब बगीचे तबाह होने से हुए भारी नुकसान की भरपाई करना उनके लिए मुश्किल है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर एक महिला के विरुद्ध आईपीसी की धारा 285 व 427 में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच जंगल आग से लगातार धधक रहे हैं। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों के जंगलों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार इस साल पहली अप्रैल से अब तक वन विभाग ने जंगलों में आग की लगने के कुल 877 मामले दर्ज किए हैं। यह मामले पिछले वित्तीय वर्ष से ज्यादा हैं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top