न्यूज अपडेट्स
ऊना, 10 फरवरी: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में बेहद गमगीन माहौल के बीच अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के निवास पर पहुंचे। इसके अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक और करीब सभी कैबिनेट मंत्री भी यहां पहुंचे थे। बता दें कि डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री का बीती रात अकस्मात निधन हो गया था। उनकी पार्थिव देह की अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थित आस्था कुंज में रखा गया था।
मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी जीवनसाथी को अंतिम विदाई देते हुए उनके अंतिम संस्कार की सभी क्रियाओं को पूरा किया। बेटी आस्था अग्निहोत्री ने भी नम आंखों के साथ अपनी मां को अंतिम विदाई देते हुए उनकी अर्थी को कंधा दिया। मुख्यमंत्री ने भी पैदा चलकर डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री की अंतिम यात्रा में भाग लिया और उप मुख्यमंत्री के साथ अर्थी को कंधा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा की डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री का निधन अग्निहोत्री परिवार ही नहीं बल्कि पार्टी के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री के साथ संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान से डॉक्टर सिम्मी अग्निहोत्री को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना की।