राहुल गांधी का आरोप - भाजपा मेरी छवि खराब करने के लिए कर रही करोड़ों रुपए खर्च

News Updates Network
0
Rahul Gandhi's allegation - BJP is spending crores of rupees to tarnish my image
Rahul Gandhi:Photo

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर उनकी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और RSS ‘रिजिड’ (कठोर) तरीके से सरकार चला रहे हैं और देश की आवाज सुनने को तैयार नहीं हैं। राहुल गांधी सोमवार को अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इंदौर के करीब बरौली में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। 

इस दौरान उन्होंने यात्रा के बीच स्वयं पर हो रहे व्यक्तिगत हमलों को लेकर कहा कि भाजपा उनकी छवि खराब करने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि इस बात से उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंच रहा। भाजपा इस काम में जितना पैसा लगा रही है, उतनी ही हमें मजबूती मिल रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो जाता है कि हम सही दिशा में जा रहे हैं।

देश में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देश में वर्तमान में कुछ ही लोगों के हाथों में पूरा धन दे दिया गया है। सभी उद्योगों में कुछ ही लोगों का बोलबाला है। इसी क्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि देश की नींव के तौर पर काम करने वाले किसानों को पूरी तरह छोड़ दिया गया है। हर स्थान पर निजीकरण होने से स्थितियां और बिगड़ गई हैं। छोटे और मझोले उद्योग, जिनमें वृद्धि की क्षमताएं हैं, उन्हें खत्म कर दिया गया है। आरएसएस और भाजपा ‘रिजिड’ होकर देश चला रहे हैं।

सरकार बनने की स्थिति में कांग्रेस का ध्यान किस ओर रहेगा, इस संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ध्यान छोटे और मध्यम उद्योगों की ओर रहेगा। उन्हेांने अपना मत देते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की मुख्य जिम्मेदारी है। निजी क्षेत्र अगर चाहें तो इनमें काम कर सकते हैं, लेकिन इनमें सरकार को ही ज्यादा पैसा लगाना चाहिए।

एक अन्य सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि उनकी यात्रा का मूल उद्देश्य देश को उसका मूल स्वभाव, संस्कृति और डीएनए याद दिलाना है। उन्होंने कई बार दोहराया कि उनकी यात्रा को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top