बिलासपुर: राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही कांग्रेस की सरकार : राम लाल ठाकुर

News Updates Network
0
Congress government going to be formed with full majority in the state
राम लाल ठाकुर 

बिलासपुर, 11 नवंबर - नयनादेवी से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने दावा किया है कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है। इस बार राज भी और ताज भी बदल जाएगा। रिवाज बदलने के दावे करने वाली भाजपा औंधे मुंह गिरेगी। महंगाई व बेरोजगारी से त्रस्त जनता ने राज बदलने का पूरा मन बना लिया है। सरकार बनने के बाद घोषणापत्र में दी गई दस गारंटियों को चरणवद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। सबसे पहले केबिनेट में ओपीएस को मंजूरी प्रदान कर बहाल किया जाएगा।

रामलाल ठाकुर ने शुक्रवार को डोर टू डोर प्रचार के बाद बूथ कमेटियों को मोबलाईज किया। उन्होंने सभी बूथ कमेटियों से कहा कि वे चुनाव तक सही तरीके से काम करें और किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। इसके साथ ही रामलाल ठाकुर ने जनता से आह्वान किया है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवाएं। कांग्रेस और भाजपा की नीतियों की तुलना करने के बाद अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय नयनादेवी हलके में अभूतपूर्व विकास हुआ है। वह पहली बार 1985 में विधायक बने और सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया। उस समय हलके में 48 फीसदी बिजली की व्यवस्था थी उन्होंने इसे शत प्रतिशत किया। गांव गांव तक रोशनी पहुंचाकर जनता को राहत प्रदान की गई। 

उसके बाद से लेकर आज दिन तक वह पांच बार विधायक और मंत्री रहे हैं और अपने कार्यकाल में नयनादेवी हलके के विकास को ही तरजीह दी। हलके में नब्बे फीसदी विकास के काम केवलमात्र कांग्रेस के समय ही हुए हैं। पानी, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में विकास के नए नए आयाम स्थापित किए गए हैं। यही वजह रही कि उन्हें हर चुनाव में जनता का अपार समर्थन एवं स्नेह मिलता गया। वह जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते गए और विकास का कारवां बनता गया।

रामलाल ठाकुर के अनुसार नयनादेवी में पीएचसी, सीएचसी और घवांडल का सिविल अस्पताल कांग्रेस की देन है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टर व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का टोटा रहा। जनता को घरद्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के दावे खोखले साबित हुए हैं। कांग्रेस के समय स्वारघाट को तहसील का दर्जा दिलाया गया और सब डिवीजन भी खुलवाया। भाजपा प्रत्याशी तो सब जज कोर्ट तक नहीं खुलवा पाए। पांच साल हाशिए पर रहे और सरकार होने के बावजूद हलके के विकास के लिए खास नहीं कर पाए। 

जनता जानती है कि विकास कांग्रेस के समय हुआ है। इसलिए पूर्ण उम्मीद है कि जनता हाथ का साथ देकर हलके को हिमाचल का मॉडल बनाने के लिए अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नयनादेवी मंदिर न्यास के पैसे का दुरूपयोग किया गया और इस पर आज तक स्पष्टीकरण नहीं दे पाए। बड़े प्रोजेक्टों में स्थानीय लोगों की अनदेखी कर चहेतों व बाहरी लोगों को मौका दिया गया। सत्ता में आने के बाद जनता के साथ न्याय किया जाएगा।

नयनादेवी की जनता हाथ के साथ

रामलाल ठाकुर के अनुसार चुनाव प्रचार अभियान के तहत नयनादेवी हलके के हर गांव हर गांव तक पहुंचने की कोशिश की। चुनावी सभाओं में जनता का अपार समर्थन एवं स्नेह मिला और जो दो रोड शो किए उनमें तो रिकार्ड समर्थन मिलने से स्पष्ट है कि जनता हाथ के साथ है।

विकास ही मेरा मुख्य एजेंडा

कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने कहा कि आज दिन तक कांग्रेस के समय नयनादेवी की तरक्की के लिए हर संभव कोशिश की गई है। इस चुनाव में यदि मौका मिलता है तो वह विजन डॉक्यूमेंट में दिए गए बिंदूओं पर फोकस करेंगे। विकास ही उनका मुख्य एजेंडा है। चुनाव में कोई भी बड़ी रैली इसलिए नहीं की क्योंकि वह पांच साल तक जनता के बीच रहे हैं और जनता उनके साथ है इसलिए रैली करने की आवश्यता महसूस नहीं हुई।
.................................................................................

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top