हाईकमान ने हिमाचल कांग्रेस की गतिविधियों और कार्यक्रमों की रविवार को दोपहर बाद चार बजे समीक्षा की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।
इन नेताओं ने प्रदेश में पार्टी के जन जागरण अभियान को लेकर संतोष जताया। कहा कि प्रदेश कांग्रेस सराहनीय कार्य कर रही है। प्रदेश के सभी 13 संगठनात्मक जिलों के तहत यह अभियान 66 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया गया है। इसके अलावा प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने 110 किलोमीटर तक पदयात्रा की।
केंद्रीय नेताओं को बताया गया कि प्रदेशों में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के लिए अभी तक 1 लाख 54 हजार फार्म बांटे गए हैं। मार्च के अंत तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
पार्टी दफ्तर से अभी भी सदस्यता फार्म भेजे जा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि हाईकमान ने प्रदेश में चल रही पार्टी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर संतोष जताया है।