मंडी : सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के सम्मान की चिंता हम करेंगे। हम चाहते हैं कि वह पार्टी के लिए काम करें क्योंकि वह तकनीकी तौर पर हमारे विधायक हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी में प्रैस वार्ता में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिल शर्मा ने अपनी बात रखी थी। जो बात उन्होंने रखी है उसके मुताबिक मंत्रिमंडल से किसी को निकालकर उन्हें स्थान नहीं दिया जा सकता है। अब अगला निर्णय अनिल शर्मा को लेना है। उनके निर्णय का हम भी इंजार कर रहे हैं।
उधर, मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा रविवार को मंडी सदर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चुनावी दौरे में शामिल नहीं हुए। मंडी प्रवास पर चल रहे प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी उनसे मिले हैं।
अनिल शर्मा ने कहा कि वह एक-दो दिन में बड़ा निर्णय ले सकते हैं। यह निर्णय कुछ भी हो सकता है। अब वह और उनका बेटा आश्रय शर्मा एक ही दल में रहना चाहते हैं। अनिल शर्मा भाजपा में बने रहने और उसके लिए प्रचार करने को लेकर जो संकेत दे रहे हैं उससे साफ नजर आ रहा है कि वह भाजपा हाईकमान व मुख्यमंत्री पर दबाव बना रहे हैं।